स्कूल वेन चालक पर पांच वर्षीय बच्ची से बैड टच का आरोप, अपराध दर्ज

परासिया। स्कूल आने-जाने के लिए जिस वेन चालक पर अभिभावक भरोसा करते थे, उसी पर पांच वर्षीय बच्ची के साथ कथित रूप से बैड टच करने का गंभीर आरोप सामने आया है। बच्ची द्वारा घटना की जानकारी अपनी मां को दिए जाने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। शिकायत पर पुलिस ने 28 वर्षीय वेन चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र के एक निजी स्कूल में केजी कक्षा में पढ़ने वाली 5 वर्ष 6 माह की बच्ची को स्कूल लाने-ले जाने वाले वेन चालक ने 29 सितंबर को वाहन के अंदर उसके साथ कथित रूप से अशोभनीय हरकत की। घटना के बाद बच्ची डरी-सहमी रहने लगी। मां द्वारा पूछताछ किए जाने पर बच्ची ने घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे। 3 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता एवं पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

स्कूल प्रबंधन की भूमिका पर उठे सवाल

मामले में एक गंभीर सवाल स्कूल प्रबंधन की भूमिका को लेकर भी उठ रहा है। सूत्रों की मानें तो , घटना की जानकारी पुलिस में शिकायत दर्ज होने से पहले ही स्कूल प्रबंधन तक पहुंच गई थी। आरोप है कि प्रबंधन ने मामले को पुलिस तक पहुंचाने के बजाय वेन चालक को फटकार लगाई और पीड़ित बच्ची के परिजनों के सामने उससे माफी मंगवाकर मामले को वहीं समाप्त करने का प्रयास किया।

यदि यह आरोप सही है तो सवाल उठता है कि इतनी गंभीर घटना की जानकारी सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन ने तत्काल पुलिस और संबंधित अधिकारियों को सूचना क्यों नहीं दी। वहीं, पुलिस द्वारा स्कूल प्रबंधन की भूमिका को लेकर अब तक कोई कार्रवाई या जांच की जानकारी सामने नहीं आने से भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

अब देखना होगा कि पुलिस इस पूरे घटनाक्रम में स्कूल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच करती है या नहीं। बच्ची की सुरक्षा से जुड़े इस मामले में अभिभावक भी स्कूल प्रबंधन की जवाबदेही और परिवहन व्यवस्था की निगरानी को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

मामले को लेकर जब विवेचना अधिकारी से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि अभी सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है जांच में जो मामला सामने आएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी

Next Post

सेल्वी का साओ पाउलो फिल्म फेस्टिवल में चयन

Mon Oct 5 , 2026
चेन्नई, 05 अक्टूबर (वार्ता) बुसान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में वर्ल्ड प्रीमियर के बाद तमिल फिल्म ‘सेल्वी’ का चयन 50वें साओ पाउलो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के लिए हुआ है। सेलैश रत्नाकुमार के निर्देशन और राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता अभिनेत्री अंजलि पाटिल के निर्माण में बनी यह फिल्म न्यू फिल्ममेकर्स कॉम्पिटिशन में […]

You May Like