गुना: शहर के व्यस्ततम बोहरा मस्जिद चौराहा के पास स्थित एक गली में रविवार देर शाम सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां दूध और अन्य घरेलू सामान लेने निकले 78 वर्षीय बुजुर्ग पूर्व शासकीय चिकित्सक डॉ. गजेंद्र सिंह वैश्य के साथ दो अज्ञात बदमाशों ने मारपीट कर लूट की घटना को अंजाम दिया है। पूरी वारदात गली में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हो गई है।
चौधरन का बाड़ा निवासी डॉ. गजेंद्र सिंह वैश्य वर्तमान में हनुमान गली में अपना क्लिनिक संचालित करते हैं।
घटना के समय वे घर से दूध लेने निकले थे, तभी घात लगाए दो बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने डॉक्टर साहब के साथ झूमा-झटकी शुरू कर दी। जब उन्होंने विरोध किया, तो बदमाशों ने उन्हें जमीन पर पटक दिया। पीड़ित डॉक्टर ने बताया कि बदमाशों के हाथ में लाठी थी, जिससे उनके कंधे पर वार किया गया, जिससे उन्हें चोट आई है। बदमाशों ने उनका पर्स छीन लिया, जिसमें करीब 5 से 6 हजार रुपए थे।
इसके बाद लुटेरों ने उनका मोबाइल छीनने की कोशिश की, लेकिन तभी शोर सुनकर एक स्थानीय दुकानदार उनकी मदद के लिए दौड़े। दुकानदार को आता देख दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस टीम ने डॉ. वैश्य के घर जाकर उनके बयान दर्ज किए हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि बदमाशों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
