सौसर:किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, बेहतर फसल प्रबंधन और समस्याओं के सटीक समाधान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सौसर फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन’ द्वारा एक विशेष कृषि चर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रविवार को क्षेत्र के ग्राम घोघरा–रिधोरा में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संतरा उत्पादक एवं अन्य किसान शामिल हुए।
महाराष्ट्र के विशेषज्ञ ने दिया मार्गदर्शन
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में महाराष्ट्र से आए प्रसिद्ध कृषि विशेषज्ञ प्रवीण बेलखेडे उपस्थित रहे। उन्होंने मुख्य रूप से संतरा फसल के बेहतर उत्पादन और बागों के वैज्ञानिक प्रबंधन पर जोर दिया। बेलखेडे ने किसानों को निम्नलिखित बिंदुओं पर महत्वपूर्ण जानकारी दी जिसमें प्रमुख रूप से संतरा बागों में लगने वाली बीमारियों से बचाव के उपाय। वैज्ञानिक तरीके से खाद और उर्वरकों का सही उपयोग। फसल की क्वालिटी सुधारने के लिए आधुनिक पद्धतियों को अपनाना शामिल है।
किसानों की शंकाओं का हुआ समाधान
चर्चा के दौरान उपस्थित किसानों ने संतरा फसल से जुड़ी अपनी व्यावहारिक समस्याओं और अनुभवों को साझा किया। विशेषज्ञ श्री बेलखेडे ने किसानों के हर सवाल का विस्तार से जवाब देते हुए उन्हें उपयोगी सुझाव दिए।
क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, किसान रहे उपस्थित
इस अवसर पर अजय चौरे, राजू परमार, राजू राठी, प्रदीप ठाकरे, वसंता चौधरी, बरजकिशोर सुदा, बलवंत फोले, मनोहर मोहोड़ सहित भारी संख्या में संतरा एवं सब्जी उत्पादक और दुग्ध व्यवसायी मौजूद रहे। प्रमोटर अजय चौरे ने नवभारत से चर्चा में बताया कि किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार की कृषि चर्चा अब प्रत्येक रविवार को शाम 5 बजे नियमित रूप से आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य किसानों को निरंतर मार्गदर्शन देना और नई कृषि तकनीक से अपडेट रखना है।
