नयी दिल्ली, 20 फरवरी (वार्ता) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को राजधानी में लिथुआनिया के आर्थिक एवं नवाचार मामलों के मंत्री एडविनास ग्रिकसास के साथ द्विपक्षीय व्यापार और निवेश से जुड़े मुद्दों पर बातचीत की।
श्री गोयल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी। भारत यात्रा पर आये श्री ग्रिकसास श्री गोयल से उनके कार्यालय में मिलने गये थे। उन्होंने कहा कि यह बैठक सकारात्मक रही । इसमें दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश संबंधों के विस्तार के अलावा कौशल विकास के क्षेत्र में सहयोग तथा भारत-यूरोपीय संध मुक्त व्यापार समझौते से उत्पन्न अवसरों का लाभ उठाने पर बातचीत हुई।
दोनों पक्षों ने एक दूसरे के उद्यमियों को आपस में कारोबार करने की साझा प्रतिबद्धता को दोहराया तथा आर्थिक सहयोग को विस्तार देने के लिए काम करने पर सहमति जतायी।
भारत आये बेल्जियम के स्वायत्त क्षेत्र फ्लांडर्स के मंत्री मैटियास डिपेंडेले ने भी श्री गोयल से मुलाकात की। श्री गोयल ने कहा कि भारत-बेल्जियम संबंधों को आकार देने में फ्लांडर्स की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
