एयरबस ने बेंगलुरु में शुरू किया अपना दूसरा सबसे बड़ा डिजिटल सेंटर

बेंगलुरु, 07 मार्च (वार्ता) यूरोप की विमान बनाने वाली कंपनी एयरबस ने बेंगलुरु में एक अत्याधुनिक तकनीकी केंद्र का उद्घाटन किया है जो इंजीनियरिंग, डिजिटल परिवर्तन, ग्राहक सेवाओं और खरीद के लिए एक प्रमुख हब के रूप में कार्य करेगा। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार और उद्योग एवं अवसंरचना मंत्री एम.बी. पाटिल ने शुक्रवार को ‘एयरबस इंडिया टेक्नोलॉजी सेंटर’ का उद्घाटन किया। नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने वर्चुअली इस कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम में एयरबस की डिजिटल कार्यकारी उपाध्यक्ष कैथरीन जेस्टिन तथा भारत और दक्षिण एशिया में एयरबस के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक जुर्गन वेस्टरमायर भी उपस्थित थे।

श्री नायडू ने कहा कि एयरबस यूरोप के बाहर भारत में अपना दूसरा सबसे बड़ा डिजिटल सेंटर बना रहा है। भारत आज वैश्विक क्षमता केंद्रों के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। भारत से कौशल से लैस और युवा कार्यबल की मदद से अभियांत्रिकी और नवाचार के केंद्र के रूप में एयरबस का नया परिसर इस बात का प्रमाण है।
श्री वेस्टरमायर ने कहा कि ‘एयरबस इंडिया टेक्नोलॉजी सेंटर’ का उद्घाटन देश में एयरबस की यात्रा में एक रणनीतिक प्रगति का प्रतिनिधित्व करता है। यह कंपनी के विकास के अगले चरण के लिए आवश्यक पैमाना और क्षमता प्रदान करता है। इससे यह सुनिश्चित होगा कि कंपनी की वैश्विक मूल्य श्रृंखला के हर चरण में भारतीय विशेषज्ञता शामिल रहे।

नया केंद्र 8,80,000 वर्ग फुट में फैला हुआ है जिसे पांच हजार कर्मचारियों के लिए डिजाइन किया गया है। इस केंद्र में महत्वपूर्ण विमान तकनीकों के रखरखाव से लेकर अगली पीढ़ी के विमानों, साइबर सुरक्षा, रोबोटिक्स और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर शोध भी किया जायेगा। इस परिसर में एक समर्पित ग्राहक सेवा केंद्र भी है, जो स्थानीय और वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण समर्थन प्रदान करता है।

Next Post

जालंधर के शिवलोचक दीप एफआईएच इंटरनेशनल पैनल में शामिल

Sat Mar 7 , 2026
जालंधर 07 मार्च (वार्ता) पंजाब में जालंधर के शिवलोचक दीप ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ के ‘इंटरनेशनल पैनल’ में पदोन्नत होकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वर्तमान में चंडीगढ़ स्थित प्रधान महालेखाकार (लेखापरीक्षा) हरियाणा कार्यालय में सहायक लेखा परीक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत शिवलोचक का खेल के प्रति समर्पण अद्वितीय […]

You May Like

मनोरंजन