भोपाल: सीएम डॉ मोहन यादव ने भारत रत्न, स्वतंत्रता सेनानी और उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री पंडित गोविंद बल्लभ पंत की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए तथा जन औषधि दिवस के अवसर पर जनस्वास्थ्य के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई है। इधर, आज प्रदेश में महिला सशक्तिकरण और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक विशेष पहल शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव क्वींस ऑन द व्हील्स महिला सुपर बाइक राइड को फ्लैग ऑफ करेंगे, जिसमें देशभर की महिला बाइकर्स भाग लेंगी।
इस अवसर पर पंडित गोविंद बल्लभ पंत को याद करते हुए सीएम ने कहा कि देश के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और जनसेवा के प्रति उनका समर्पण सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। वहीं जन औषधि दिवस पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए जन औषधि केंद्र गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए वरदान साबित हो रहे हैं, जहां कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध होने से इलाज सुलभ हो रहा है।
इसी क्रम में महिला सशक्तिकरण और पर्यटन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से क्वींस ऑन द व्हील्स अभियान की शुरुआत की जा रही है। इस बाइक राइड में देशभर से 25 महिला सुपर बाइकर्स हिस्सा लेंगी, जो भोपाल से खजुराहो तक लगभग 1,400 किलोमीटर की यात्रा तय करेंगी। यह अभियान सात दिनों तक चलेगा और 13 मार्च को भोपाल में इसका समापन होगा।
यह बाइक यात्रा सांची, उदयगिरि, चंदेरी, शिवपुरी, कूनो, ग्वालियर, दतिया और ओरछा जैसे ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों से होकर गुजरेगी। इस पहल के माध्यम से प्रदेश के समृद्ध इतिहास, संस्कृति और पर्यटन स्थलों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साथ ही रूरल टूरिज्म और जिम्मेदार यात्रा (रिस्पॉन्सिबल ट्रैवल) को भी बढ़ावा मिलेगा।
आयोजकों का मानना है कि यह अभियान महिला सशक्तिकरण के संदेश के साथ-साथ प्रदेश के पर्यटन को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
