
भोपाल। देहात पुलिस का होली मिलन समारोह का आयोजन शुक्रवार को किया गया. इस मौके पर वरिष्ठ अधिकारीगण एवं पुलिसकर्मियों ने मिलन समारोह में शिरकत की. रंगोत्सव के अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भोपाल देहात पुलिस द्वारा कार्यालय पुलिस अधीक्षक (देहात), भोपाल परिसर में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में लगभग 200 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने हर्षोल्लास के साथ भाग लेकर होली मिलन का आनंद लिया.
होली मिलन समारोह में पुलिस अधीक्षक रामशरण प्रजापति, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. नीरज चौरसिया, डीएसपी हेडक्वार्टर अंतिमा समाधिया, एसडीओपी ईंटखेड़ी मंजू चौहान, एसडीओपी बैरसिया वैशाली, श्याम किशोर झरवड़े सहित समस्त थाना प्रभारीगण, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा गुलाल उड़ाकर अपनी खुशी व्यक्त की.
समारोह के दौरान महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों ने डीजे की धुन पर होली एवं फिल्मी गीतों पर नृत्य किया. साथ ही वॉटर कैनन से पानी की बौछारों के बीच सभी ने रंगों के इस पर्व का उत्साहपूर्वक आनंद लिया. कार्यक्रम अत्यंत हर्षोल्लास एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ.
इस अवसर पर सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं तथा आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं सहयोग की भावना के साथ त्योहार मनाने का संदेश दिया.
पुलिस अधीक्षक (देहात) भोपाल ने सभी उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को होली एवं आगामी त्योहारों की शुभकामनाएं देते हुए कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ जनसेवा करने के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.
