राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल समेत कई नेताओं ने स्टालिन को 73वें जन्मदिन पर उन्हें बधाई दी

चेन्नई, 01 मार्च (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी , कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि , रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव और विभिन्न नेताओं ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन को उनके जन्म दिन पर बधाई दी है। वह 73 वर्ष के हो गये हैं।

राष्ट्रपति मुर्मु ने श्री स्टालिन को लिखे पत्र में कहा, ” मैं आपको आपके जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं। ईश्वर आपको अच्छा स्वास्थ्य और सुख प्रदान करें और राष्ट्र की निरंतर एवं समर्पित सेवा के कई और वर्ष प्रदान करें।”

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने श्री स्टालिन से टेलीफोन पर बात की और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इससे पहले, प्रधानमंत्री ने एक्स पर एक पोस्ट में स्टालिन को अपनी शुभकामनाएं दी थीं।

प्रधानमंत्री ने लिखा, “तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थिरु एमके स्टालिन को उनके जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर उन्हें दीर्घायु और स्वस्थ रखे।”

प्रधानमंत्री ने कहा, “स्टालिन ने 2021 में पदभार संभाला, तमिलनाडु में द्रविड़ शासन मॉडल का नेतृत्व कर रहे हैं, जिसमें सामाजिक न्याय, कल्याणकारी योजनाओं का विस्तार और औद्योगिक विकास पर ध्यान केंद्रित किया गया है। उनके नेतृत्व में, राज्य ने स्वास्थ्य सेवा एवं शिक्षा में प्रमुख सामाजिक योजनाओं के साथ-साथ निवेश-आधारित आर्थिक नीतियों को आगे बढ़ाया है।”

श्री गांधी और श्री खरगे ने अपने शुभकामना संदेश में कहा, “तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रमुक अध्यक्ष श्री एम.के. स्टालिन को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। हम मिलकर संघवाद तथा संविधान के मूल्यों की रक्षा एवं लोकतांत्रिक सिद्धांतों को मजबूत करने के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता जारी रखेंगे।”

श्री स्टालिन ने सुबह अपने बेटे और उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन, मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ पार्टी नेताओं के साथ, द्रमुक संस्थापक सी एन अन्नादुरई और द्रमुक के संरक्षक एम करुणानिधि के स्मारकों पर पुष्पांजलि अर्पित करके दिन की शुरुआत की।

उन्होंने बाद में पेरियार थिदल का दौरा कर महान समाज सुधारक पेरियार ई.वी. रामासामी के स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद वे द्रमुक मुख्यालय अन्ना अरिवलयम गए जहां उन्हें राजनीतिक दलों के नेताओं और विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने बधाई दी। उन्होंने इस अवसर पर केक भी काटा।

कांग्रेस, एमडीएमके, भाकपा , माकपा, वीसीके, डीएमडीके, राज्यसभा सांसद कमल हासन की एमएनएम और अन्य दलों सहित द्रमुक के लगभग सभी गठबंधन दलों के नेताओं ने द्रमुक मुख्यालय का दौरा किया और श्री स्टालिन का व्यक्तिगत रूप से अभिवादन किया। द्रमुक के सैकड़ों कार्यकर्ता लंबी कतारों में खड़े होकर श्री स्टालिन से मिले और उन्हें इस अवसर पर बधाई दी। श्री स्टालिन ने गोपालपुरम स्थित श्री करुणानिधि के आवास जाकर अपनी माता दयालु अम्माल से आशीर्वाद लिया।

फिल्म अभिनेता रजनीकांत ने भी श्री स्टालिन से फोन पर बात की और उन्हें अपनी शुभकामनाएं दीं।

तमिलनाडु के कई नेताओं, भाजपा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई और सुश्री तमिलिसाई सौंदराजन, एमएनएम के संस्थापक और राज्यसभा सांसद कमल हासन, टीएनसीसी अध्यक्ष के. सेल्वपेरुंथगई, डीएमडीके की महासचिव सुश्री प्रेमलता विजयकांत, वीसीके के संस्थापक और लोकसभा सांसद थोल थिरुमावलवन ने भी श्री स्टालिन को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

 

 

 

Next Post

हीली ने 98 गेंदों में ठोके158 रन; ऑस्ट्रेलिया ने बनाये 409 रन

Sun Mar 1 , 2026
होबार्ट, 01 मार्च (वार्ता) एलिसा हीली ने अपनी आखिरी इनिंग्स में 98 गेंदों पर शानदार 158 रन बनाकर वनडे क्रिकेट को एक परीकथा जैसा अलविदा कहा, जबकि बेथ मूनी ने नाबाद सेंचुरी बनाई, जिससे ऑस्ट्रेलिया ने होबार्ट में इंडिया के खिलाफ 7 विकेट पर 409 रन का जबरदस्त स्कोर बनाया। […]

You May Like