
भोपाल। बैरासिया थाना पुलिस ने जानलेवा हमला करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया. आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजा गया.
बैरासिया पुलिस के मुताबिक फरियादी राहुल अहिरवार (23) निवासी ग्राम नीमखेडी थाना नजीराबाद ने रिपोर्ट दर्ज कराई. फरियादी ने बताया कि गुरुवार की रात वह नजीराबाद से बैरासिया कार में एक कलारी मेनेजर देवेन्द्र पटेल और स्टाफ दुर्गा कुशवाह के साथ आ रहे थे. इस दौरान आपसी बातचीत के समय दुर्गा कुशवाह ने देवेन्द्र के साथ गाली गलौच करते हुए अपने पास रखे चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. राहुल ने दुर्गा कुशवाहा को तुरंत गाड़ी से उतार कर देवेन्द्र को अस्पताल पहुंचाया. इसके बाद राहुल ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दुर्गा कुशवाह (27) निवासी होलीपुरा गिरफ्तार किया. आरोपी से पूछताछ करते हुए पुलिस ने उसके पास से मिले चाकू को बरामद किया. आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया.
