इंदौर:शहर के न्यू मॉर्निंग स्टार स्कूल में आठवीं की परीक्षा से पहले हिजाब पहनकर आई 8वी की छात्राओं को हिजाब हटाने के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है.जानकारी के अनुसार महिला शिक्षिका ने छात्राओं से कहा कि यदि वे हिजाब नहीं हटाएंगी तो उनके अंक काट लिए जाएंगे. उस समय कुछ छात्राओं की माताएं भी मौजूद थीं, जिन्होंने इस पर आपत्ति जताई और हिजाब हटाने से इंकार कर दिया.
मामले की सूचना मिलते ही बीआरसी राजेंद्र तंवर तुरंत स्कूल पहुंचे. उन्होंने संबंधित शिक्षिका को फटकार लगाई और स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी छात्रा को उसकी वेशभूषा के आधार पर परेशान नहीं किया जा सकता. तंवर ने स्कूल प्रबंधन को भी कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि भविष्य में इस प्रकार की कोई भी रोक-टोक या दबाव की स्थिति निर्मित न हो. उन्होंने कहा कि सभी छात्राओं को बिना भय और भेदभाव के परीक्षा देने का अधिकार है.
भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
बताया गया कि यह घटना आठवीं की परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले की है. स्थिति को देखते हुए बीआरसी ने तत्काल हस्तक्षेप कर छात्राओं को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिलवाया, ताकि उनका पेपर प्रभावित न हो. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि आगे इस तरह की कोई शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित संस्थान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल छात्राओं ने शांतिपूर्वक परीक्षा दी. शिक्षा विभाग के इस त्वरित हस्तक्षेप से अभिभावकों में संतोष है, वहीं विभाग ने संकेत दिया है कि परीक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार का भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
