दिल दहला देने वाली वारदात: शादी से लौटे परिवार के मटकों में घोला सल्फास, महिला की हालत गंभीर

गुना: जिले के ग्राम डोंगर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पुरानी रंजिश के चलते एक पूरे परिवार को खत्म करने की कथित तौर पर साजिश रची गई। घटना उस समय हुई जब केदार सिंह धाकड़ का परिवार रुठियाई में आयोजित एक शादी समारोह से देर रात अपने घर लौटा। आरोप है कि उनकी गैर मौजूदगी में गांव के ही कुछ विरोधियों ने घर में घुसकर पीने के पानी और रसोई के सामान में जहरीला पदार्थ मिला दिया।परिजनों के मुताबिक, बीती रात करीब 1 बजे जब परिवार अपने घर पहुंचा, तो थकान के कारण केदार सिंह की पत्नी ममता बाई ने सबसे पहले पानी पी लिया।

पानी पीते ही उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। संदेह होने पर जब परिजनों ने पानी और अन्य खाद्य सामग्री की जांच की, तो उसमें से सल्फास जैसी तीव्र गंध आ रही थी। आनन-फानन में महिला को गुना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ फिलहाल उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। पीड़ित परिवार का दावा है कि आरोपियों ने केवल एक मटके में नहीं, बल्कि घर के तीनों भाइयों के अलग-अलग कमरों में रखे पानी के बर्तनों में भी जहर मिलाया था। यहां तक कि किचन में रखी शक्कर में भी संदिग्ध जहरीले कण पाए गए हैं। गनीमत रही कि परिवार के अन्य सदस्यों ने पानी नहीं पिया, वरना बड़ी जनहानि हो सकती थी।

पीड़ित केदार सिंह पानी का सैंपल लेकर जिला मुख्यालय पहुंचे हैं और उन्होंने आशंका जताई है कि पानी में सल्फास की गोलियां घोली गई हैं। इस मामले में पीड़ित परिवार ने गांव के ही एक व्यक्ति और उसके दो बेटों पर शक जाहिर किया है। केदार सिंह का आरोप है कि जब उनके परिवार के सदस्य शिकायत लेकर विजयपुर थाने पहुंचे, तो पुलिस का रवैया सहयोगात्मक नहीं था। परिजनों का कहना है कि पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने के बजाय पीड़ितों से ही उलटे सवाल कर रही है। थाने से उचित न्याय न मिलने की सूरत में अब परिवार न्याय की गुहार लगाने एसपी ऑफिस जाने की तैयारी कर रहा है।

Next Post

सीएम डॉ यादव के निर्देश पर वल्लभ भवन में आज छापामार उपस्थिति जांच

Thu Feb 26 , 2026
भोपाल:सीएम डॉ मोहन यादव ने प्रशासनिक सख्ती दिखाते हुए वल्लभ भवन में अधिकारियों और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए छापामार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्यालयों में अनुशासन और समयपालन से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।सीएम के […]

You May Like