
ग्वालियर। सिरोल थाना क्षेत्र स्थित विंडसर हिल्स सोसायटी में जर्जर दीवार गिरने से माली की मौत के मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार मृतका सावित्री वंशकार (71) निवासी नई बस्ती सिरोल पिछले 12-13 साल से विंडसर हिल्स सोसायटी में माली का काम करती थी। वह रोज की तरह सुबह करीब 8:30 बजे काम पर गई थी। दोपहर करीब 3:35 बजे परिजनों को सूचना मिली कि सोसायटी में पेड़ कटाई के दौरान डाल जर्जर दीवार पर गिर गई। इससे दीवार ढह गई और सावित्री मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गई। सोसायटी कर्मचारियों ने उसे प्राइम अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जांच में सामने आया कि दीवार लंबे समय से क्षतिग्रस्त थी। रहवासियों ने कई बार मेंटेनेंस देखने वाले भूपेंद्र गुर्जर को सूचना दी थी, लेकिन मरम्मत नहीं कराई गई। वहीं घटना वाले दिन पास की सनवैली सोसायटी में पेड़ कटवाते समय भी पर्याप्त सावधानी नहीं बरती गई।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर टूटी दीवार का मलबा और मृतका का दुपट्टा जब्त किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छाती और पेट में आई चोटों को मौत का कारण बताया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों और रहवासियों के बयान में भी इसकी पुष्टि हुई है।
इस मामले में विंडसर हिल्स के स्टेट मैनेजर भूपेंद्र गुर्जर और सनवैली सोसायटी के मेंटेनेंस इंचार्ज महेंद्र वाल्मीक के खिलाफ धारा 106(1) और 3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
