स्वच्छता गतिविधियों के साथ नागरिकों को करेंगे जागरूक

इंदौर: स्वच्छता के प्रति अपनी निरंतर प्रतिबद्धता को दोहराते हुए नगर पालिक निगम ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों को और गति दे दी है. महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देशानुसार स्वच्छ सर्वेक्षण के प्रभावी प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से निगम अपर आयुक्त प्रखर सिंह की उपस्थिति में सिटी बस ऑफिस सभागृह में स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर्स के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई.

बैठक में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत चयनित स्वच्छ इंदौर के ब्रांड एंबेसडर पद्मश्री सतेंद्र सिंह लोहिया, पुनीत कुमार द्विवेदी, प्रबल जैन, आरती माहेश्वरी, आरजे नीतू, आरजे साक्षी, आरजे विनी, आरजे शिव, संध्या घावरी एवं श्री गुंजन शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे. बैठक के दौरान स्वच्छ सर्वेक्षण की नवीन गाइडलाइन, मूल्यांकन बिंदुओं एवं नागरिक सहभागिता के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई. निगम अधिकारियों द्वारा ब्रांड एंबेसडर्स को विभिन्न स्वच्छता अभियानों, जागरूकता रैलियों, सोशल मीडिया कैंपेन, विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर संवाद कार्यक्रमों तथा जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता हेतु प्रेरित किया गया.

प्रेरक वीडियो डालें
अपर आयुक्त प्रखर सिंह ने कहा कि इंदौर की पहचान देश के सबसे स्वच्छ शहर के रूप में स्थापित है और इस गौरव को बनाए रखने में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. उन्होंने सभी ब्रांड एंबेसडर्स से आग्रह किया कि वे अपने प्रेरक वीडियो संदेशों, रेडियो कार्यक्रमों, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स एवं सार्वजनिक आयोजनों के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करें तथा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, स्रोत पर कचरा पृथक्करण, सिंगल यूज़ प्लास्टिक मुक्त शहर एवं जन-सहभागिता आधारित स्वच्छता जैसे विषयों को व्यापक रूप से प्रसारित करें.

जागरूकता अभियान चलाएंगे
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी दिनों में शहर के विभिन्न वार्डों में स्वच्छता जनजागरूकता अभियान चलाए जाएंगे, जिनमें ब्रांड एंबेसडर्स की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी. साथ ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नियमित स्वच्छता संदेश प्रसारित कर नागरिकों को स्वच्छ सर्वेक्षण में अधिकाधिक सहभागिता के लिए प्रेरित किया जाएगा

Next Post

आमिर ने भारत नहीं पाकिस्तान टीम पर की भविष्यवाणी, कहा- T20 वर्ल्ड कप के बाद सलमान आगा नहीं रहेंगे कप्तान

Thu Feb 26 , 2026
इंग्लैंड से हार के बाद पाकिस्तान की सेमीफाइनल की उम्मीदें लगभग खत्म हो गई हैं। इस बीच पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने टीम को लेकर बड़ी भविष्यवाणी कर दी है। टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मुकाबले में पाकिस्तान को इंग्लैंड के खिलाफ रोमांचक हार का सामना करना पड़ा। आखिरी […]

You May Like