
इंदौर। हीरानगर थाना क्षेत्र की अमरपुरी कॉलोनी में सोमवार को खेलते समय पानी से भरे गड्ढे में गिरने से दो वर्षीय मासूम की मौत हो गई. परिजन बच्चे को लेकर अस्पताल दौड़े, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है.
थाना प्रभारी सुशील पटेल ने बताया कि दो वर्षीय रुद्र पिता विनोद घर के पास खेल रहा था. इसी दौरान वह अचानक पास ही बने गहरे गड्ढे में जा गिरा, जिसमें पानी भरा हुआ था. जब तक परिजनों को इसकी जानकारी लगी, तब तक बच्चा पानी में डूब चुका था. मासूम को गोद में लेकर उसकी मां सड़क पर मदद के लिए बिलखती रही रही थी, इसी दौरान एमआर-10 चौराहे के पास से गुजर रहे गोपाल नामक युवक ने भीड़ और शोर सुनकर अपनी बाइक रोकी. स्थिति का पता चलते ही उसने बिना देर किए मां और बच्चे को अपनी बाइक पर बैठाकर नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया. वहां से चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए बच्चे को चाचा नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया. गोपाल तत्काल उन्हें बड़े अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने रुद्र को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
