
इंदौर. शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच ने एक युवक को 10 ग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ ‘एमडी’ के साथ गिरफ्तार किया है. जब्त एमडी की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपए बताई गई है. आरोपी के कब्जे से एक चारपहिया वाहन व मोबाइल फोन सहित 12.50 लाख रुपए का माल जब्त किया है.
एडीसीपी क्राईम राजेश दंडोतिया ने बताया कि घटना रुद्र एजेंसी बिल्डिंग के समीप खाली मैदान की है. क्राइम ब्रांच की टीम संदिग्धों की तलाश में क्षेत्र में गश्त कर रही थी. इसी दौरान एक किया कंपनी की कार में बैठा युवक पुलिस वाहन को देखकर तेजी से भागने का प्रयास करने लगा. टीम ने शासकीय वाहन से घेराबंदी कर कार को रोक लिया. पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सूरज मिश्रा निवासी नंदबाग इंदौर बताया. तलाशी के दौरान कार की ड्राइविंग सीट के पास बने आर्म रेस्ट बॉक्स से एक पारदर्शी पन्नी में रखी 10 ग्राम ‘एमडी’ बरामद की गई. आरोपी पेशे से ड्राइवर है और 10वीं तक शिक्षित है. प्रारंभिक पूछताछ में उसने सस्ते दामों पर मादक पदार्थ खरीदकर शहर में नशे के आदी लोगों को महंगे दामों पर बेचने की बात स्वीकार की है. आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अब सप्लाई चेन और अन्य संलिप्त आरोपियों के संबंध में पूछताछ कर रही है.
