
मुरैना। मुरैना तहसील में पदस्थ राजस्व निरीक्षक राकेश जैन को ग्वालियर लोकायुक्त टीम ने एक हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी आरआई गोपियापुरा जिला मुरैना निवासी किसान संतोष कुशवाहा से रिश्वत ले रहा था। किसान अपने बच्चों के जाति प्रमाण पत्र बनवाने तहसील कार्यालय पहुंचा था, जहां आरआई ने काम करने के एवज में दो हजार रुपए की मांग की।
किसान ने पहले एक हजार रुपए दिए लेकिन शेष राशि की मांग जारी रहने पर उसने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार किसान ने मंगलवार को आरआई को एक हजार रुपए दिए, तभी लोकायुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
ट्रेप दल में डीएसपी विनोद सिंह, निरीक्षक बलराम राजावत, निरीक्षक अंजली शर्मा, प्रधान आरक्षक देवेन्द्र पवैया, हेमंत शर्मा, मनोज कुशवाहा, बलवीर, आरक्षक राजेंद्र सिंह, विनोद शाक्य, राजीव तिवारी, रवि सिंह, अंकेश शर्मा और वाहन चालक विशंभर सिंह शामिल थे।
