
छतरपुर। शहर की सड़कों पर बढ़ते आवारा पशुओं और गंदगी की समस्या को देखते हुए नगर पालिका ने अब सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है। नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि कोई व्यक्ति अपने पालतू पशु को खुला छोड़ता है या सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाता है, तो उसके खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ माधुरी शर्मा ने बताया कि नए नियमों के अनुसार सड़कों पर पालतू गाय या अन्य पशु घूमते मिलने पर संबंधित पशुपालक से ₹1000 का जुर्माना वसूला जाएगा। वहीं घर के बाहर या सार्वजनिक स्थानों पर कचरा डालने वालों पर ₹500 का अर्थदंड लगाया जाएगा। नगर पालिका की टीमें लगातार शहर में निगरानी करेंगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि सड़कों पर पड़े कचरे और पॉलिथीन को खाने से कई पशु बीमार हो रहे हैं और उनकी मौत तक हो रही है। इसके अलावा हाईवे और मुख्य मार्गों पर पशुओं के बैठने से दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
सीएमओ ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने पालतू पशुओं को सुरक्षित स्थान पर बांधकर रखें और कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें। उन्होंने चेतावनी दी कि शहर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने के लिए अब नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा और लापरवाही करने वालों पर बिना किसी रियायत के जुर्माना लगाया जाएगा।
