अशरफ अली
भोपाल: राजधानी में आज आयोजित कांग्रेस की किसान महापंचायत को लेकर कांग्रेसियों में उत्साह का माहौल है। दोपहर में होने वाले इस कार्यक्रम के लिए लोगों के पहुंचने का सिलसिला सुबह से ही शुरू हो गया है। कार्यक्रम स्थल प्लेटिनम प्लाजा के समीप अटल पथ पर तैयार किया गया है, जहां दूर-दराज से किसान और पार्टी कार्यकर्ता पहुंच रहे हैं।
सभा स्थल पर व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी कांग्रेस सेवादल ने संभाल ली है। मंच, बैठने की व्यवस्था, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं को अंतिम रूप दिया गया है। आयोजन को लेकर सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में पारंपरिक आदिवासी कलाकारों की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। कलाकार सभा स्थल पर पहुंच चुके हैं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां जारी हैं। महापंचायत के माध्यम से किसानों से जुड़े मुद्दों, भारत और अमेरिका ट्रेड डील,फसलों के दाम, कर्ज और समर्थन मूल्य जैसे विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। कांग्रेस नेताओं के संबोधन का कार्यकर्ताओं को बेसब्री से इंतजार है।
