देश की प्रगति के लिए बिहार का विकास जरूरी: गिरिराज

नयी दिल्ली, 22 फरवरी (वार्ता) केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने देश की प्रगति के लिये बिहार के विकास को जरूरी बताते हुए राज्य में छोटे तथा मझौले उद्योगों को बढ़ावा देकर रोजगार सृजन की वकालत की है।

श्री सिंह ने रविवार को लेट्स इंस्पायर बिहार द्वारा तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित बिहार विकास सम्मेलन के दौरान कहा कि देश की समग्र प्रगति के लिए बिहार का विकास अपरिहार्य है। बिहार ऐतिहासिक रूप से देश का बौद्धिक एवं सभ्यतागत केंद्र रहा है और अब उसे देश के आर्थिक एवं औद्योगिक परिदृश्य में अपना यथोचित स्थान पुनः प्राप्त करना चाहिये। उन्होंने वस्त्र, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा ग्रामीण उद्योग जैसे क्षेत्रों में रोजगार सृजन की बड़ी संभावना की ओर भी संकेत किया।

बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने पारदर्शी शासन और संरचनात्मक सुधार को बिहार के रूपांतरण की आधारशिला बताते हुए कहा कि सरकार लंबित भूमि एवं राजस्व विवादों के समाधान हेतु व्यवस्थित प्रयास कर रही है। भूमि स्वामित्व की स्पष्टता और प्रशासनिक दक्षता औद्योगिक निवेश और स्टार्ट-अप विस्तार के लिए अनिवार्य हैं।

राज्य से उद्योग एवं पथ निर्माण मंत्री दिलीप जायसवाल ने औद्योगिक विस्तार और सड़क अवसंरचना विकास को समानांतर रूप से आगे बढ़ाने पर जोर दिया ताकि एक सतत आर्थिक ढांचा निर्मित हो सके। उन्होंने निवेशक-अनुकूल नीतियों, बेहतर आवागमन सुविधा और स्टार्ट-अप प्रोत्साहन के लिए राज्य सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि इससे पलायन रोकने और स्थानीय स्तर रोजगार सृजन को बढ़ावा मिल रहा है।

लेट्स इंस्पायर बिहार के संस्थापक और भारतीय पुलिस सेवा के पूर्व अधिकारी विकास वैभव ने कहा कि कोई बाहरी व्यक्ति बिहार में बदलाव नहीं लायेगा, इसकी जिम्मेदारी स्वयं बिहारवासियों को लेनी होगी। स्वास्थ्य, शिक्षा या रोजगार के लिए होने वाले पलायन को रोकने के लिए प्रत्येक पंचायत तक स्टार्ट-अप क्रांति पहुंचाना जरूरी है।

कार्यक्रम में बिहार के खगड़िया से सांसद राजेश वर्मा और जहानाबाद के पूर्व सांसद अरुण कुमार भी मौजूद थे।

 

Next Post

'नमो भारत' आरआरटीएस से दिल्ली-एनसीआर में बढ़ेगा संपर्क, तेज होगी रफ्तार : रेखा गुप्ता

Sun Feb 22 , 2026
नयी दिल्ली, 22 फरवरी (वार्ता) ‘नमो भारत’ रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) सेवा के उद्घाटन और पूरे दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर शुरू होने पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। श्रीमति गुप्ता ने आगे कहा कि यह राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के क्षेत्र […]

You May Like