डिजिटल अरेस्ट गैंग का भंडाफोड़, 20 आरोपी गिरफ्तार, 1.07 करोड़ का माल जब्त

शिवपुरी: शिवपुरी पुलिस ने अश्लील चैटिंग और वीडियो कॉल के जरिए लोगों को ‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाकर ब्लैकमेल करने वाले साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह के 32 नामजद आरोपियों में से 20 को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से सात कार, एक बाइक, 29 मोबाइल फोन, 16 एटीएम कार्ड, सात बैंक पासबुक, एक मकान की रजिस्ट्री और 1.20 लाख रुपये नकद सहित कुल 1 करोड़ 7 लाख रुपये का माल जब्त किया है।

अमन सिंह राठौड़, पुलिस अधीक्षक शिवपुरी ने पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि यह गिरोह ऑनलाइन चैटिंग और वीडियो कॉल के जरिए लोगों को फंसाकर उनकी अश्लील रिकॉर्डिंग करता था। बाद में खुद को पुलिस अधिकारी बताकर पीड़ितों को बलात्कार और अन्य गंभीर मामलों में फंसाने की धमकी दी जाती थी। ‘डिजिटल अरेस्ट’ का भय दिखाकर केस सेटलमेंट के नाम पर मोटी रकम ट्रांसफर करवाई जाती थी।

एसपी के अनुसार, गिरोह के सदस्य महिलाओं के नाम से फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर अश्लील चैट और वीडियो कॉल करते थे। रिकॉर्डिंग के आधार पर पीड़ितों को ब्लैकमेल किया जाता था। जांच में सामने आया है कि गिरोह अब तक ढाई करोड़ रुपये से अधिक की ठगी कर चुका है। एक आरोपी ने ठगी की रकम से आलीशान मकान बनवाया था, जिसकी रजिस्ट्री भी जब्त कर ली गई है।
गिरोह ‘हीऊ’, ‘टोकी’, ‘मीका’, ‘इलोएलो’, ‘गागा’, ‘हनी’, ‘सुगो’, ‘कॉमेक्टो’ और ‘कॉमेट’ जैसे ऐप्स के जरिए लोगों को जोड़ता था। ये ऐप्स एपीके फाइल के माध्यम से मोबाइल में डाउनलोड कराए जाते थे। पहले अश्लील बातचीत कराई जाती, फिर वीडियो रिकॉर्ड कर ब्लैकमेलिंग की जाती थी।यह कार्रवाई मध्यप्रदेश स्तर पर चल रहे ‘ऑपरेशन मेट्रिक्स’ के तहत ग्वालियर जोन के निर्देशन में की गई। जिले में नौ विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था। एसडीओपी करैरा और पिछोर के नेतृत्व में करैरा, भौंती, अमोला, सुरवाया, सतनबाड़ा, कोतवाली, पिछोर और कोलारस थाना पुलिस ने संयुक्त दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया।

Next Post

75 लीटर डीजल के साथ युवक को दबोचा

Sun Feb 22 , 2026
जबलपुर: चरगवां पुलिस ने 75 लीटर डीजल के साथ एक युवक को दबोचा है। पुलिस ने बताया कि डीजल बेचने के लिए ग्राम गंगई से गोटेगांव तरफ आ रहे बाइक सवार लक्ष्मण पटैल पिता स्व. रेवाराम पटेल 36 वर्ष निवासी ग्राम डगडगा हिनौता तिलवारा को केदारपुर रोड पर घेराबंदी कर […]

You May Like