ग्रेटर नोएडा 21 फरवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में लगाया जा रहा सेमीकंडक्टर उद्यम इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड, एचसीएल समूह और फॉक्सकॉन का 60:40 अनुपात में संयुक्त उद्यम है। इस परियोजना में लगभग 3700 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है और इसे वर्ष 2028 तक संचालन में लाने का लक्ष्य रखा गया है।
इस कंपनी की यहां शनिवार को आधारशिला समारोह में कंपनी के शीर्ष पदाधिकारियों ने यह जानकारी दी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
यह अत्याधुनिक आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट सुविधा स्मार्टफोन, लैपटॉप, ऑटोमोबाइल सिस्टम और औद्योगिक इलेक्ट्रॉनिक्स के लिए डिस्प्ले ड्राइवर चिप्स का उत्पादन करेगी। प्रति माह बीस हजार वेफर्स की प्रोसेसिंग क्षमता वाला यह केंद्र देश में सेमीकंडक्टर कॉम्पोनेंट्स की बढ़ती मांग को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगा।
परियोजना से साढ़े तीन हजार से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की संभावना है। साथ ही स्थानीय सप्लाई चेन को मजबूती मिलेगी और सेमीकंडक्टर वैल्यू चेन में नए भागीदारों को आकर्षित किया जाएगा। यह पहल उत्तर प्रदेश को टेक्नोलॉजी और उच्च-तकनीकी विनिर्माण हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
यह परियोजना भारत सरकार के इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के तहत आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम है।
उद्यमी शिव नाडार द्वारा स्थापित एचसीएल ग्रुप अपनी पचासवीं वर्षगांठ के अवसर पर इस नई विनिर्माण यात्रा की शुरुआत कर रहा है, जो सॉफ्टवेयर विशेषज्ञता से आगे बढ़कर सेमीकंडक्टर निर्माण के क्षेत्र में प्रवेश का प्रतीक है।
एचसीएल ग्रुप की चेयरपर्सन रोशनी नाडर मल्होत्रा ने सरकार के समर्थन के लिए आभार जताते हुए इसे कंपनी की विकास यात्रा में नया अध्याय बताया। वहीं फॉक्सकॉन के चेयरमैन यंग लियू ने इसे भारत में निर्माण और स्थानीयकरण का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए साझेदारी पर संतोष व्यक्त किया।
विशेषज्ञों के अनुसार, यह निवेश न केवल सेमीकंडक्टर सप्लाई चेन को सुदृढ़ करेगा, बल्कि भारत को वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण मानचित्र पर और मजबूती से स्थापित करने में भी सहायक होगा।
आधारशिला रखे जाने के इस समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद सहित कई अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम में एचसीएल कंपनी की अध्यक्ष रोशनी नादर मल्होत्रा और फॉक्सकॉन कम्पनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी योंग लिउ उपस्थित थे।
