आवारा कुत्तों की शिकायत पर महिलाओं पर तलवार से हमला, 24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

भोपाल। राजधानी भोपाल के थाना अयोध्यानगर पुलिस ने आवारा कुत्तों की शिकायत करने पर कालोनी की दो महिलाओं पर तलवार से जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार 17-18 फरवरी को श्रवण कांता स्टेट कालोनी में आवारा कुत्तों की शिकायत पर नगर निगम भोपाल की टीम ने कुत्तों को पकड़कर हटाया था। इसी बात को लेकर अशोक सिंह चौहान के परिवार और कालोनीवासियों के बीच विवाद चल रहा था।

19 फरवरी की सुबह लगभग 8.30 बजे शारदा कुंज निवासी अशोक सिंह चौहान अपने साथी के साथ तलवार लेकर कालोनी पहुंचा और रहवासियों को धमकाते हुए श्रीमती वंदना सेन और श्रीमती लक्ष्मी ठाकुर पर जान से मारने की नीयत से हमला कर फरार हो गया। दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

रिपोर्ट पर थाना अयोध्यानगर में धारा 109(2), 296ए, 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त जोन-2 विवेक सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक महेश लिल्हारे के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी अशोक सिंह चौहान (55) निवासी किरण नगर पिपलानी तथा उसके सहयोगी नफीस अंसारी (28) निवासी मीरपुरा, जिला सीहोर को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त लोहे की तलवार बरामद की।

आरोपी अशोक सिंह चौहान पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। पुलिस आयुक्त संजय कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अवधेश गोस्वामी के निर्देश पर शहर में चाकूबाजी, तलवारबाजी और गुंडागर्दी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी है।

Next Post

औकात वाले बयान पर बवाल: मप्र में कांग्रेस का हल्लाबोल, भोपाल में पुलिस से हल्की झड़प 

Fri Feb 20 , 2026
भोपाल। नगरीय विकास एवं आवास तथा संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को औकात में रहो कहे जाने के बयान को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को प्रदेश भर में प्रदर्शन किया। राजधानी भोपाल में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के बाहर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री […]

You May Like