जबलपुर: शातिर चोरों ने पुलिस गश्त को चुनौती देते हुए पनागर, ग्वारीघाट और संजीवनीनगर में सूने मकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और भारी नकदी समेट ली। वारदात उस वक्त हुई हुई जब पीड़ित परिवार रक्षाबंधन और त्योहार के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।जानकारी अनुसार पनागर थाना अंतर्गत निपानिया निवासी रामजी काछी 46 वर्षीय 31 अगस्त को दोपहर में अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी में गौर बरेला गए हुए थे।
सुबह करीब 5 बजे उनके भतीजे अमित काछी ने फोन पर सूचना दी कि उनके घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ है। जब पीड़ित ने घर लौटकर देखा तो ताला टूटा मिला। घर के भीतर अलमारी और पेटी खुली पड़ी थी और सारा सामान बिखरा हुआ था। चोर पेटी में रखे सोने, चांदी के जेवर और 10 हजार रुपये नकद चुरा ले गए। इसी प्रकार ग्वारीघाट थाना अंतर्गत बादशाह हलवाई मंदिर के पास रहने वाली 43 वर्षीय वर्षा चौधरी 31 अगस्त को रात करीब 8 बजे अपने घर पर ताला लगाकर मायके चली गई थीं। सुबह करीब 7 बजे पड़ोस में रहने वाली प्रिया गुप्ता ने उन्हें फोन कर बताया कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है।
वर्षा ने अपने बेटे समीर के साथ तुरंत आकर देखा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा था और घर के अंदर अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था। चोर बैग में रखी चांदी की चेन और 12 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए। चोरी की सबसे बड़ी वारदात संजीवनीनगर थाना अंतर्गत नवनिधेश कॉलोनी, गंगानगर में हुई अजितेश तिवारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे 28 अगस्त की शाम करीब 5 बजे अपने परिवार के साथ उज्जैन महाकाल के दर्शन करने गए थे। जब वे वापस लौटे, तो बाहर के मेन गेट का ताला लगा हुआ था, लेकिन अंदर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। घर के भीतर अलमारी और दीवान का सामान पूरी तरह बिखरा पड़ा था और जेवर के खाली डिब्बे जमीन पर पड़े थे। चोरों ने दीवान में रखे जेवर सहित गुल्लक तोड़कर करीब 1 लाख रुपये नगद पार कर दिए।
