
इंदौर। शहर में अवैध हथियार लेकर घूम रहे युवकों के खिलाफ पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से चाकू, छुरा और तलवारनुमा हथियार जब्त किए हैं.
तुकोगंज थाना क्षेत्र में वायएन रोड स्थित एक बार की गली से देर रात 27 वर्षीय अतिन उर्फ अतुल वैद निवासी सुभाष नगर परदेशीपुरा को पकड़ा. तलाशी में उसके पास से 7 इंच फल वाला खटकेदार तेजधार चाकू बरामद हुआ. वहीं बाणगंगा पुलिस ने सुपर कॉरिडोर ब्रिज के पास सुनसान सड़क पर कार्रवाई करते हुए 19 वर्षीय मीत उर्फ युवराज को 8 इंच फल वाले लोहे के छुरे सहित गिरफ्तार किया. इसी क्षेत्र में अलग कार्रवाई के दौरान 18 वर्षीय बादल उर्फ हर्ष छुरे के साथ पकड़ा. एक अन्य मामले में गणेशधाम कॉलोनी के पास ब्रिज के नीचे से 18 वर्षीय उज्ज्वल उर्फ कान्हा को तलवारनुमा धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार किया. चारों मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध हथियार लेकर घूमने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.
