
सीधी। खनिज-पुलिस के संयुक्त दल ने जांच के दौरान ग्राम पथरौला, तहसील मड़वास में तीन वाहन- एक बिना नंबर का हाइवा चेसिस क्रमांक एमएटी448181जी3एच1926, वाहन क्रमांक एमपी 53 जेडजी 6670 एवं एमपी 53 एचए 2379 खनिज रेत का अवैध परिवहन करते पाए गए। उक्त वाहनों को नियमानुसार जब्त कर सुरक्षार्थ पुलिस चौकी पथरौला में खड़ा कराया गया है। इसी प्रकार ग्राम खाम्ह, तहसील गोपद बनास में दो हाइवा वाहन क्रमांक एमपी 17 जेडजी 3011 एवं एमपी 53 एचए 2337 अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए गए। इन्हें भी जब्त कर सुरक्षार्थ थाना कोतवाली सीधी में खड़ा कराया गया है। उक्त सभी वाहन स्वामियों एवं चालकों के विरुद्ध मध्यप्रदेश अवैध खनिज (उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। बिना नंबर प्लेट के खनिज परिवहन करने वाले वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम अंतर्गत कार्रवाई हेतु जिला परिवहन विभाग को पृथक से पत्र प्रेषित किया जाएगा। साथ ही प्रकरणों की विस्तृत विवेचना कर प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत भी पृथक से प्रकरण दर्ज किए जाएंगे।
कलेक्टर द्वारा जिला टास्क फोर्स की कार्यवाहियों की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
