
भैरूंदा। शिवपुरी जिले में अधिवक्ता की सरेआम हत्या के विरोध में नगर के वकीलों में भारी आक्रोश देखा गया. अभिभाषक संघ ने अपनी सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा है.
ज्ञापन के अनुसार, विरोध का मुख्य कारण हाल ही में शिवपुरी (करैरा) के अधिवक्ता स्वर्गीय संजय कुमार सक्सेना की अपराधियों द्वारा सरेआम गोली मारकर की गई हत्या है। इस घटना ने पूरे प्रदेश के न्यायिक जगत को झकझोर कर रख दिया है। संघ ने प्रदेश में लंबे समय से लंबित अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम को तत्काल प्रभाव से लागू करने, दिवंगत अधिवक्ता के परिजनों को उचित न्याय प्रदान करने, डबरा, शिवपुरी सहित अन्य जिलों में वकीलों पर हो रहे लगातार हमलों पर रोक लगाने की मांग की. मांगों के समर्थन में अभिभाषक संघ के पदाधिकारियों ने शांतिपूर्ण तरीके से न्यायालयीन कार्यों से विरत रहकर विरोध दर्ज कराया. संघ के अध्यक्ष राजेश सेठी, सचिव मार्तण्ड सिंह के अलावा अन्य अभिभाषक मौजूद थे.
