
सौसर। अपर जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में रविवार को सौसर अधिवक्ता संघ के नवनियुक्त पदाधिकारियों का शपथ एवं पदभार ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिले के सांसद विवेक बंटी साहू, क्षेत्रीय विधायक विजय चौरे एवं नपा.अध्यक्ष श्रीमती सुरेखा डागा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
*निष्ठा की शपथ और पदाधिकारियों का स्वागत*
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात नवनियुक्त कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई, जिसमें शामिल हैं। अध्यक्ष दिनेश भकने उपाध्यक्ष नरेंद्र गजभिए,सचिव अजय शेंडे कोषाध्यक्ष कविता फरकारे,ग्रंथपाल अशोक गावंडे,सहसचिव दीपाली सीते शामिल है। कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा वरिष्ठ अधिवक्ताओं का शाल-श्रीफल देकर सम्मान भी किया गया।
*न्यायालय परिसर के लिए मिली बड़ी सौगात*
अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए सांसद विवेक बंटी साहू ने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था की रीढ़ हैं। उन्होंने परिसर में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर जोर देते हुए सांसद निधि से 7 लाख रुपये देने की घोषणा की। वहीं, विधायक विजय चौरे ने अधिवक्ताओं के योगदान की सराहना करते हुए विधायक निधि से 3 लाख रुपये स्वीकृत किए। इस प्रकार कुल 10 लाख रुपये की राशि से न्यायालय परिसर में भवन निर्माण व अन्य विकास कार्य किए जाएंगे।
*भूमि अधिग्रहण में तेजी लाने की मांग*
अधिवक्ता संघ के नवनियुक्त अध्यक्ष दिनेश भकने ने अपने संबोधन में न्यायालय परिसर की प्रमुख समस्याओं को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि पार्किंग, अधिवक्ताओं के बैठने की व्यवस्था और पक्षकारों की सुविधाओं के लिए भूमि की कमी है। उन्होंने प्रशासन से निवेदन किया कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जिसके लिए राशि आवंटित हो चुकी है, वह काफी धीमी है। इसे तीव्र गति से पूर्ण कर भूमि न्यायालय को सौंपी जाए ताकि भविष्य के निर्माण कार्यों को गति मिल सके।
*सफल आयोजन*
कार्यक्रम का संचालन रवि शंकर धुर्वे द्वारा किया गया। समारोह के अंत में नवनियुक्त पदाधिकारियों ने आभार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिवक्तागण, गणमान्य नागरिक, पत्रकार एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
