
भोपाल। जीतू पटवारी, अध्यक्ष मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी, ने सोमवार को पार्टी के प्रवक्ताओं एवं प्रमुख संचार प्रतिनिधियों के चयन हेतु एक महत्वाकांक्षी एवं पारदर्शी “टैलेंट हंट कार्यक्रम” की औपचारिक घोषणा की। यह घोषणा भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान की गई।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, मीडिया विभाग अध्यक्ष मुकेश नायक, उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे, पूर्व मंत्री एवं विधायक जयवर्धन सिंह, विधायक महेश परमार, प्रशिक्षण प्रभारी महेंद्र जोशी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बोरासी सेतिया तथा विचार विभाग प्रमुख भूपेंद्र गुप्ता उपस्थित रहे।
पटवारी ने कहा कि बदलते राजनीतिक परिदृश्य में पार्टी को ऐसे ऊर्जावान, वैचारिक रूप से प्रतिबद्ध और शोधपरक सोच रखने वाले साथियों की आवश्यकता है, जो कांग्रेस की विचारधारा को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुँचा सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभ्यर्थियों में वैचारिक स्पष्टता, समसामयिक विषयों पर गहन अध्ययन, प्रभावी संवाद कौशल, मीडिया प्रबंधन की समझ, तथ्यात्मक प्रस्तुति, संगठनात्मक अनुशासन और जनसरोकारों के प्रति संवेदनशीलता जैसे गुण होना आवश्यक है।
प्रवक्ता, शोध समन्वयक और प्रचार-प्रसार समन्वयक पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह कार्यक्रम जिला, संभाग, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अवसर प्रदान करेगा। आवेदन प्रपत्र आज से जारी कर दिए गए हैं तथा अंतिम तिथि 28 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है।
संभाग स्तर पर साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे, जिनमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नामित समन्वयक एवं वरिष्ठ नेता प्रतिभागियों का मूल्यांकन करेंगे। अंतिम निर्णय एआईसीसी द्वारा लिया जाएगा।
श्री सिंघार ने इसे मुद्दा-आधारित सशक्त विपक्ष की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया, जबकि डॉ. नायक ने स्पष्ट किया कि केवल 20 प्रदेश प्रवक्ता, चयनित मीडिया पैनलिस्ट, प्रत्येक संभाग एवं जिले में दो-दो अधिकृत प्रवक्ता, दो राष्ट्रीय पैनलिस्ट तथा एक अंग्रेज़ी मीडिया पैनलिस्ट का चयन किया जाएगा।
अंत में पटवारी ने कहा, “कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि विचारों का आंदोलन है। यह टैलेंट हंट कार्यक्रम उस परिवर्तन की शुरुआत है, जहाँ अवसर सिफारिश से नहीं बल्कि योग्यता से मिलेगा।”
