इंदौर: शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर ले जाने के छह मामले सामने आए हैं। सभी प्रकरणों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।आज़ादनगर थाना क्षेत्र के मयूर नगर मुसाखेड़ी से 17 वर्षीय किशोरी लापता हुई। लसूड़िया के कैलोद काकड़ से भी 17 वर्षीय लड़की को अज्ञात व्यक्ति भगा ले गया। संयोगितागंज क्षेत्र में शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय के पास से 17 वर्षीय छात्रा के अपहरण का मामला दर्ज हुआ।
बाणगंगा इलाके में 14 साल 11 माह की नाबालिग को घर के पास से बहला-फुसलाकर ले जाया गया। भंवरकुआं क्षेत्र में 16 वर्षीय लड़की को भगाने का मामला दर्ज हुआ था, जिसे बाद में पुलिस ने खोज कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वहीं द्वारकापुरी के सांई बाबा नगर से 17 वर्षीय किशोरी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस सभी मामलों में आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
