
उज्जैन। महाशिवरात्रि जैसे पावन पर्व की आड़ में फर्जी वेबसाइट द्वारा धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। बाबा महाकाल की नगरी में एक ओर जहां लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की तैयारियां चरम पर हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ भ्रामक वेबसाइटों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों के माध्यम से श्रद्धालुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ किया जा रहा। महाकाल मंदिर के नाम पर दर्शन, अभिषेक, जल अर्पण और विशेष पूजन कराने के नाम पर ऑनलाइन ठगी की जा रही है।
नवभारत को मिली जानकारी के अनुसार श्री मंदिर नाम से इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक और यूट्यूब पर भ्रामक प्रचार किया जा रहा है। इन प्लेटफॉर्मों पर श्रद्धालुओं को यह कहा जा रहा है कि वे भगवान महाकाल को पाँच विशेष वस्तुएं अर्पित कर सकते हैं, जल चढ़ा सकते हैं तथा विशेष पूजा करवा सकते हैं।
नवभारत से चर्चा में महाकाल मंदिर प्रसाद का प्रथम कौशिक ने बताया कि ऐसी फर्जी वेबसाइट की शिकायत मिली है, हमने भी इसका अवलोकन कराया है और यदि सोशल मीडिया पर लगातार इस प्रकार की भ्रामक जानकारी प्रसारित होती रही और श्रद्धालुओं के साथ ठगी होती रही तो शिकायत मिलने पर ऐसी फर्जी वेबसाइट और सोशल मीडिया द्वारा श्रद्धालुओं के साथ धोखाधड़ी के मामले में पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराई जाएगी और कड़ी कार्रवाई होगी।
प्रशासन और मंदिर समिति की प्राथमिकता यह है कि श्रद्धालुओं को सुलभ, सुरक्षित और पारदर्शी व्यवस्था मिले। इसलिए आवश्यक है कि सभी भक्त अधिकृत माध्यमों से ही जानकारी प्राप्त करें और किसी भी प्रकार की फर्जी वेबसाइट या सोशल मीडिया प्रचार से दूर रहें।
