जबलपुर:खमरिया पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने एक बदमाश को अवैध पिस्टल और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।थाना प्रभारी खमरिया राजकुमार खटीक के अनुसार क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि सोनपुर नहर पुल के पास, पथनौरा फार्म मानेगांव के पास एक युवक पिस्टल लेकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की नियत से घूम रहा है।
सूचना मिलते ही थाना खमरिया और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने दबिश दी और सोनू चक्रवर्ती (22 वर्ष), निवासी सोनपुर को पकड़ा। तलाशी लेने पर आरोपी की कमर में जींस के अंदर एक पिस्टल खुसी मिली। पिस्टल की मैगजीन चेक करने पर उसमें एक जिंदा कारतूस लोड था। इसके अलावा, युवक की जेब से एक चला हुआ कारतूस भी बरामद किया गया।
8 हजार में ‘डोडो’ से खरीदी थी पिस्टल
आरोपी सोनू ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसने यह हथियार करीब 4-5 महीने पहले रांझी इलाके में एक अज्ञात राहगीर से खरीदा था। राहगीर ने अपना नाम ‘डोडो’ और निवासी भोपाल बताया था। यह सौदा 8 हजार रुपये में हुआ था।
