ढाबे पर सिलेंडर रिफिलिंग के दौरान आग, कारीगर रवि चौरसिया गंभीर रूप से झुलसा

छतरपुर। छतरपुर जिले के गढ़ीमलहरा क्षेत्र में कुर्रराहा रोड स्थित एक ढाबे पर गैस सिलेंडर रिफिलिंग के दौरान अचानक आग लगने से एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। घायल को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार पटेल ढाबे पर काम कर रहे कारीगर रवि चौरसिया गैस सिलेंडर से दूसरे सिलेंडर में गैस भरने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान जिस सिलेंडर में गैस भरी जा रही थी, उसका वाल्व ठीक से फिट नहीं होने के कारण गैस का तेजी से रिसाव होने लगा। गैस के तेज दबाव के चलते सिलेंडर असंतुलित होकर गिर पड़ा और घूमने लगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पास ही जल रहे तंदूर से निकली चिंगारी ने लीक हो रही गैस को पकड़ लिया, जिससे अचानक आग भड़क उठी और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों और ग्राहकों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।

आग की चपेट में आने से रवि चौरसिया गंभीर रूप से झुलस गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां बर्न वार्ड में उपचार चल रहा है। गढ़ीमलहरा थाना पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और अवैध रिफिलिंग के पहलू की भी जांच की जा रही है।

Next Post

रील नहीं, रियल लाइफ जुदाई: 27 लाख और फ्लैट लेकर पत्नी ने पति को प्रेमिका के लिए छोड़ा

Fri Feb 13 , 2026
भोपाल। राजधानी भोपाल में एक पारिवारिक विवाद का अनोखा मामला सामने आया है, जिसकी तुलना वर्ष 1997 में प्रदर्शित फिल्म जुदाई से की जा रही है। हालांकि यह मामला पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत आपसी सहमति से सुलझाया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 42 वर्षीय एक केंद्रीय सरकार […]

You May Like