
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने राज्य में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से अवैध शराब के विरुद्ध “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाई है। इसी क्रम में पिछले सात दिनों के दौरान विभिन्न जिलों में समन्वित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 83 लाख रुपये से अधिक मूल्य की अवैध शराब और वाहन जब्त किए हैं।
झाबुआ जिले में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस ने 293 पेटी अंग्रेजी शराब से भरे एक ट्रक को पकड़ा। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 55.40 लाख रुपये बताई गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।
मुरैना जिले के बामौर थाना पुलिस ने शराब तस्करी करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 35 पेटी अवैध शराब और एक कार जब्त की। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 9.60 लाख रुपये आंकी गई है।
अशोकनगर में पुलिस ने अवैध कच्ची शराब निर्माण इकाई पर छापा मारकर 500 लीटर शराब और संबंधित सामग्री जब्त की, जिसकी कीमत 8.75 लाख रुपये बताई गई है। एक अन्य कार्रवाई में 8,250 रुपये की शराब भी जब्त की गई।
इंदौर (ग्रामीण) के देपालपुर थाना क्षेत्र में 40 पेटी बीयर और एक कार जब्त कर कुल 6.44 लाख रुपये की कार्रवाई की गई।
ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना पुलिस ने 19 पेटी अवैध शराब और एक वाहन जब्त किया, जिसकी कीमत करीब 1 लाख रुपये है।
कटनी में एक आरोपी को गिरफ्तार कर 35 हजार रुपये की शराब और एक इलेक्ट्रिक स्कूटी जब्त की गई। दतिया के कोतवाली और पंडोखर थाना पुलिस ने क्रमशः 55 हजार और 32 हजार रुपये की अवैध शराब जब्त की।
जबलपुर में पुलिस ने देशी और विदेशी शराब के साथ एक वाहन जब्त किया, जिसकी कुल कीमत लगभग 1.02 लाख रुपये आंकी गई।
