
सिंगरौली। मोरवा थाना क्षेत्र के पिपरखड़ गांव व चकरिया में अलग-अलग स्थानों पर नवविवाहिता सहित दो लोगों द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटनाओं से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिपरखड़ निवासी 23 वर्षीय नवविवाहिता अर्चना बैस पति राजेश बैस ने 21 फरवरी की शाम करीब 5.30 बजे अपने घर के कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर छत के कुंदे से फांसी लगा ली। परिजनों ने जब कमरे का दरवाजा खुला देखा तो महिला फंदे पर लटकी हुई थी। परिजन तत्काल उसे फंदे से उतारकर जिला अस्पताल सिंगरौली ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि नवविवाहिता की शादी वर्ष 2023 में हुई थी। मायके और ससुराल पक्ष के लोगों को सूचना दे दी गई है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस पारिवारिक परिस्थितियों की जांच कर रही है।
वहीं दूसरी घटना 22 फरवरी की सुबह करीब 6 बजे की है। जहां पिपरखड़ क्षेत्र के चकरिया गांव में 61 वर्षीय सोनमती सिंह गोंड, पति महिप सिंह गोंड ने बिजुल नदी किनारे जामुन के पेड़ में अपनी साड़ी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के अनुसार महिला लंबे समय से पेट की बीमारी से पीड़ि़त थी और उसका इलाज चल रहा था। सुबह परिजन नदी किनारे पहुंचे तो शव पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलने पर मोरवा निरीक्षक कपूर त्रिपाठी के मार्गदर्शन में पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मामलों में धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग कायम कर शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट व परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। किसी भी मामले में सुसाइड नोट नहीं मिला है। लगातार हुई इन घटनाओं से गांव में शोक और भय का माहौल है।
