
करनवास। दूध पावडर के बैग लोड कर महाराष्ट्र से कानपुर जा रहे ट्रक का अगला टायर फटने से वह पलट गया. ट्रक के पलटते ही उसमें आग सुलग उठी. चालक व क्लीनर से जैसे-तैसे कूदकर अपने को बचाया.
जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र से अमूल दूध पावडर के बैग लोड कर कानपुर जा रहे ट्रक का सुबह लगभग 9 बजे हाईवे पर करनवास से करीब डेढ़ किमी दूर भाटखेड़ी के यहां अगला टायर एकाएक फूट गया. टायर फूटते ही ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया और उसमें आग लग गई.
क्षतिग्रस्त कांच के बीच से होकर निकले बाहर
ट्रक पलटते ही केबिन में आगे के कांच बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गये. इन्हीं फूटे कांच के बीच से होकर चालक एवं क्लीनर ने तुरंत बाहर निकलकर अपने को बचाया. ट्रक चालक धर्मेद्र कुमार को पैर में चोट आई, उनके साथी नरेन्द्र सिंह भी बाल -बाल बचे. जानकारी लगते ही करनवास थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पचोर, ब्यावरा फायर ब्रिगेड को सूचना दी. जिनके द्वारा मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया जा सका. किंतु तब तक आग में ट्रक काफी कुछ सुलग चुका था. आगजनी से ट्रक में काफी नुकसान पहुंचना बताया जाता है.
आग की ऊंची-ऊंची लपटे उठी
आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ट्रक से उठता धुंआ और आग की लपटे काफी ऊंचाई तक देखी जा रही थी. आसपास मौजूद लोग भी ट्रक में सवार लोगों को सकुशल बचाने एवं आग बुझाने मदद के लिए दौड़ पड़े.
वन वे किया ट्रेफिक, तत्परता से आग पर काबू
थाना प्रभारी करनवास तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा बचाव कार्य में जुट गये. दुर्घटना के बाद ट्रक से आग की ऊंची-ऊंची लपटे उठ रही थी. सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर उक्त मार्ग पर से वाहनों की आवाजाही को बंद कर दूसरी ओर के मार्ग से ही वाहनों की आवाजाही कर यातायात को वन-वे किया गया. करीब एक घंटे तक वन वे यातायात रहा. पुलिस की तत्परता के चलते फायर ब्रिगेड भी तुरंत मौके पर पहुंची तथा आग पर काबू पाया जा सका.
बड़ी घटना होने से बची
ट्रक के अनियंत्रित होकर पलटने के दौरान आसपास कोई वाहन नहीं था वरना कोई बड़ी घटना भी घट सकती थी. हालांकि आगजनी के कारण ट्रक में मौजूद लाखों रुपये कीमत के सामान को नुकसान पहुंचा है.
