छतरपुर। कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने शुक्रवार दोपहर 1 बजे जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का दौरा कर मरीजों को मिल रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया।
कलेक्टर ने वार्डों में साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को मिलने वाली सेवाओं की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर सफाई व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता देखते हुए उन्होंने सिविल सर्जन और अस्पताल प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।
इसके बाद कलेक्टर ने ब्लड बैंक पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं की भी जांच की और रक्त भंडारण तथा उपलब्धता की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को समय पर बेहतर उपचार और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो सके।
