परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम: पीएम मोदी ने विद्यार्थियों को दिया संतुलित जीवन और खेल का संदेश

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बहुप्रतीक्षित परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम का आज सफल आयोजन हुआ, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने बच्चों से संवाद करते हुए शिक्षा के महत्व के साथ-साथ जीवन में खेल और संतुलन की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई जरूरी है, लेकिन जीवन में खेलकूद भी उतना ही अहम है। परिवार में यदि कोई बच्चा तेज है तो उससे सीखने की कोशिश करनी चाहिए।

विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री ने पढ़ाई को लेकर होने वाली टोका-टाकी पर भी मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि यदि कोई बेवजह टोकता है तो उससे यह पूछना चाहिए कि वह खुद कैसे पढ़ाई करता था और अच्छे अंक लाने के लिए कौन-सी विधि अपनाता था। इससे सीख भी मिलेगी और अनावश्यक दबाव भी कम होगा।

संवाद के दौरान पीएम मोदी ने बच्चों से विकसित भारत के लक्ष्य वर्ष के बारे में प्रश्न किया, जिस पर विद्यार्थियों ने 2047 का उत्तर दिया। उन्होंने कहा कि उस समय देश का भविष्य आज के युवाओं के हाथ में होगा और उनके प्रयास ही भारत को विकसित राष्ट्र बनाएंगे। महात्मा गांधी और भगत सिंह का उदाहरण देते हुए उन्होंने प्रेरित किया कि दृढ़ संकल्प से बड़े लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं।

प्रदेश भर के विद्यालयों में भी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। राजधानी भोपाल के शासकीय सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में राज्य स्तरीय आयोजन हुआ, जहां विशिष्ट जन, वरिष्ठ अधिकारी और अभिभावक विद्यार्थियों के साथ जुड़े। स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों के बीच उपस्थित रहकर कार्यक्रम में सहभागिता की।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2018 से आयोजित हो रहा यह कार्यक्रम इस वर्ष अपने नौवें संस्करण में पहुंचा। मध्यप्रदेश से कक्षा 6 से 12 तक के लगभग 22.95 लाख विद्यार्थियों, 1.28 लाख शिक्षकों और 17 हजार से अधिक अभिभावकों सहित कुल 24.41 लाख से अधिक लोगों ने पंजीयन कर भागीदारी दर्ज कराई।

Next Post

चोरी का वीडियो बनाना पड़ा भारी, बदमाश ने घर में घुसकर की तोड़फोड़ 

Fri Feb 6 , 2026
इंदौर। चंदन नगर थाना क्षेत्र में चोरी करते युवक का वीडियो बनाना एक महिला को भारी पड़ गया. नाराज आरोपी ने कुछ ही देर बाद महिला के घर में घुसकर लोहे की रॉड से जमकर तोड़फोड़ की और मोबाइल से वीडियो डिलीट करने का दबाव बनाते हुए जान से मारने […]

You May Like