टेस्ला और स्पेसएक्स के मालिक एलन मस्क ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया है। 800 बिलियन डॉलर की कमाई के बाद एक्स पर लिखा कि पैसे से खुशियां नहीं खरीदी जा सकती हैं…
अक्सर कहा जाता है कि पैसा सब कुछ नहीं होता, लेकिन दुनिया के सबसे अमीर इंसान अगर यह बात कहें तो हैरानी होना स्वाभाविक है। टेस्ला और स्पेसएक्स के मालिक एलन मस्क ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने एक ‘सैड इमोजी’ के साथ लिखा कि पैसे से खुशियां नहीं खरीदी जा सकतीं। उनका यह बयान ऐसे वक्त में आया है जब उनकी दौलत इतिहास के सबसे उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है।
मस्क ने गुरुवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि जिसने भी कहा कि पैसे से खुशी नहीं खरीदी जा सकती, वह वास्तव में जानता था कि वह क्या कह रहा है। यह बात उन्होंने तब कही जब वह 800 बिलियन डॉलर या उससे ज्यादा की संपत्ति वाले दुनिया के पहले इंसान बन चुके हैं। हाल ही में स्पेसएक्स द्वारा उनकी एआई कंपनी एक्सएआई को खरीदने के बाद उनकी संपत्ति में भारी इजाफा हुआ है।
दौलत के शिखर पर बैठे मस्क
फोर्ब्स के अनुमान के मुताबिक, स्पेसएक्स और एक्सएआई के मर्जर से मस्क की नेटवर्थ में 84 बिलियन डॉलर और जुड़ गए हैं। अब उनकी कुल दौलत का रिकॉर्ड 852 बिलियन डॉलर हो गया है। इस डील से पहले मस्क के पास स्पेसएक्स में बड़ी हिस्सेदारी और एक्सएआई में कंट्रोलिंग शेयर था। इस उछाल के साथ मस्क ने अमीर बनने की दौड़ में जॉन डी रॉकफेलर, जेफ बेजोस और बिल गेट्स जैसे दिग्गजों को काफी पीछे छोड़ दिया है।
इस डील के बाद स्पेसएक्स अब मस्क की सबसे कीमती संपत्ति बन गई है। इसके अलावा उनके पास टेस्ला में भी हिस्सेदारी है और नवंबर में मंजूर हुआ एक रिकॉर्ड-ब्रेकिंग पे पैकेज भी है। अगर उनकी कंपनी अगले दशक में अपने बड़े टारगेट पूरा करती है तो यह पैकेज 1 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है।
एक्स के पेरिस दफ्तर पर छापा
एक तरफ दौलत बढ़ रही है, तो दूसरी तरफ मस्क की कानूनी मुश्किलें भी बढ़ रही हैं। मंगलवार को फ्रांस की पुलिस ने एलन मस्क की कंपनी एक्स के पेरिस ऑफिस पर छापा मारा। यह कार्रवाई साइबरक्राइम यूनिट ने यूरोपोल की मदद से की। पेरिस के अभियोजक कार्यालय ने बताया कि यह तलाशी जनवरी 2025 में शुरू की गई एक जांच से जुड़ी थी।
एक्स के चेयरमैन एलन मस्क और पूर्व चीफ एग्जीक्यूटिव लिंडा याकारिनो को अप्रैल में होने वाली सुनवाई में पेश होने के लिए बुलाया गया है। वहीं, कर्मचारियों से गवाह के तौर पर पूछताछ की जाएगी। अभियोजक लॉरे बेकुओ ने जानकारी दी कि जांच का दायरा अब एआई चैटबॉट ग्रोक द्वारा बनाए गए यौन डीपफेक और होलोकॉस्ट से इनकार करने वाले कंटेंट के सर्कुलेशन तक बढ़ा दिया गया है।
