दुबई, (वार्ता) तीन स्पिनर – नोमान अली, सेनुरन मुथुसामी और राशिद खान – अक्टूबर के लिए आईसीसी पुरुष प्लेयर ऑफ द मंथ पुरस्कार की दौड़ में हैं, जबकि आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप की स्टार खिलाड़ी ऐश गार्डनर, स्मृति मंधाना और लॉरा वुलफार्ट ने महिला वर्ग में जगह बनाई है।
भारत की सलामी बल्लेबाज मंधाना और दक्षिण अफ्रीका की वुलफार्ट आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप के बड़े मैचों में महत्वपूर्ण योगदान देने के बाद इस प्रतिष्ठित महिला मासिक पुरस्कार की दौड़ में हैं।
ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर गार्डनर अपने ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 की टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ टीम में जगह बनाने वाली ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की तिकड़ी में शामिल हैं।
पाकिस्तान के बाएं हाथ के स्पिनर नोमान और दक्षिण अफ्रीका के मुथुस्वामी को पाकिस्तान में दो मैचों की आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप श्रृंखला में अपनी-अपनी टीमों को एक-एक मैच जिताने में मदद करने के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। यह श्रृंखला 1-1 से ड्रॉ रही थी। लेग स्पिनर राशिद को सफेद गेंद वाले क्रिकेट में उनके प्रदर्शन के आधार पर यह नामांकन मिला है।
दोनों श्रेणियों के लिए तीन नामांकितों को प्रत्येक कैलेंडर माह के पहले से आखिरी दिन तक के प्रदर्शन के आधार पर शॉर्टलिस्ट किया गया है।
