मुख्य मार्ग-बाजार क्षेत्रों से हटाए गए अवैध कब्जे

जबलपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से सोमवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश,अपर आयुक्त अरविंद शाह के मार्गदर्शन और अतिक्रमण प्रभारी मनीष कुमार तड़से के कुशल नेतृत्व में अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने शहर के उन हिस्सों को लक्षित किया जहाँ अस्थायी दुकानों और अवैध पार्किंग के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है।

इस संबंध में अतिक्रमण प्रभारी मनीष कुमार तड़से ने बताया कि छोटी लाइन फाटक से शुरू होकर शारदा चौक, सूपाताल, पिसनहारी मढ़िया और मेडिकल तिराहा होते हुए पुन: त्रिपुरी चौक तक टीम ने मार्च किया। मालवीय चौक से गोलबाजार और गोलबाजार से रानीताल होते हुए बड़ा फुव्वारा तक सड़कों के किनारे लगे अवैध शेड और ठेलों को हटाया गया। वहीं साकेत धाम पहुंच मार्ग, सुहागन आभूषण से रानीताल स्टेडियम और छोटी लाइन से 10 मिनट चौराहा तक मार्ग के दोनों ओर से अस्थायी अतिक्रमण साफ किया गया।

दुकान के बाहर रखा सामान भी जप्त

कार्रवाई के दौरान कई दुकानदारों द्वारा सड़क सीमा के बाहर रखे गए सामान को निगम की टीम ने जप्त कर लिया। अतिक्रमण प्रभारी मनीष कुमार तड़से ने बताया कि अस्थायी रूप से मार्ग अवरुद्ध करने वालों को पहले भी चेतावनी दी गई थी, जिसके बाद आज यह सख्त कदम उठाया गया। इस दौरान सहायक अतिक्रमण निरोधक अधिकारी अखिलेश सिंह भदौरिया, श्रीमती एकता रघुवंशी, सहायक परिवहन एवं यातायात प्रबंधन अधिकारी दीपेंद्र सिंह रावत, दल प्रभारी जोसफ प्रवीण, अंकित पारस, वीरेंद्र मिश्रा, सहित अतिक्रमण दस्ते के अन्य कर्मचारी मौजूद थे।

Next Post

केंद्रीय बजट 2026 - श्री शचिंद्र नाथ, संस्थापक और प्रबंध निदेशक, यूग्रो कैपिटल

Mon Feb 2 , 2026
केंद्रीय बजट 2026 में एमएसएमई क्षेत्र को मजबूत करने और उन्हें आसान व सस्ता ऋण उपलब्ध कराने पर स्पष्ट रूप से ध्यान दिया गया है, साथ ही सरकार ने राजकोषीय अनुशासन भी बनाए रखा है। ₹10,000 करोड़ का SME ग्रोथ फंड और Self-Reliant India Fund में ₹2,000 करोड़ की अतिरिक्त […]

You May Like