भोपाल। एमपी नगर थाना पुलिस ने बाजार में दिनदहाड़े एक युवक को जलाने की कोशिश करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया. बुधवार को पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने युवक पर पेट्रोल डाल कर उसे जलाने कर मारने की कोशिश की. मौके पर मौजूद लोगों ने बीच बचाव कर युवक को बचा लिया. मामले में पुलिस ने जांच करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ा कार्रवाई की है.
मिली जानकारी के मुताबिक पीड़ित दिनेश सिंह मंगलवार को अपने दो दोस्तों अजय यादव व अमित डोंगरे के साथ बाइक से जा रहे थे. विशाल मेगा मार्ट के सामने इस मौके पर सभी एक दुकान पर नाश्ता करने लगे. इस दौरान आरोपी नरेंद्र अहिरवार उर्फ भोले, हिमांशु पाटील और अजय राठौर भी वहां पहुंचे और दिनेश के साथ गाली गलौज करनी शुरू कर दी. आरोपियों ने दिनेश और उनके दोस्तों के साथ मारपीट करते हुए बोतल से पेट्रोल निकाला और दिनेश के ऊपर डाल दिया. आरोपी जब दिनेश को जलाने की कोशिश करते हुए लाइटर निकाल रहे थे. इस दौरान मौजूदा दुकानदारों ने बीच बचाव करते हुए बड़े अपराध को होने से टाल दिया. मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए कार्रवाई की. पुलिस की जांच में यह सामने आया है कि रातीबड़ के रहने वाले दिनेश और तीनों आरोपियों के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी. मौका पाकर आरोपियों ने दिनेश की जान लेने की नाकाम कोशिश की. पीड़ित दिनेश, ठेकेदारी का काम करते हैं. इस हमले के दौरान दिनेश के दोनों साथियों को भी चोटे आई हैं.
