इंदौर: खजराना थाना क्षेत्र के रोबोट चौराहे पर मंगलवार देर रात तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई. ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे युवक को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया था, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया.मृतक की पहचान 40 वर्षीय राजकुमार पिता गजेंद्र सिंह के रूप में हुई है. वे मूल रूप से भिंड जिले के निवासी थे और वर्तमान में खजराना क्षेत्र के देवकी नगर में रह रहे थे. राजकुमार राजवाड़ा स्थित मिश्री स्वीट्स में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे.
मंगलवार रात करीब 12 बजे ड्यूटी खत्म कर वे बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान रोबोट चौराहे पर तेज गति से आ रही एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि राजकुमार उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे और शरीर से अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा. हादसा होते ही आसपास मौजूद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर कार चालक की तलाश शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा, जिसे अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव भिंड ले जाया जाएगा.
