सतना : सतना-मानिकपुर रेलखण्ड पर मझगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस द्वारा मृतक की पहचान कर ली गई है. इसके साथ ही प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है.प्राप्त जानकारी के अनुसार सतना-मानिकपुर रेलखण्ड पर मझगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत हजारा पुल के निकट रेलवे ट्रैक के किमी क्र. 1216/13 और 1216/15 के बीच एक अज्ञात युवक का शव पड़ा नजर आया.
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा मृतक की पहचान करने का प्रयास किया गया. मृतक के हाथ में दिल के आकार का टैटू बना हुआ था. जिस पर शिब्बू लिखा हुआ था. काफी देर तक प्रयास करने के बावजूद भी मृतक की पहचान होती न देख पुलिस द्वारा शव को अस्पताल की मर्चुरी में भेज दिया गया. वहीं कुछ समय बाद सोशल मीडिया के जरिए मृतक की पहचान सामने आ गई.
बताया गया कि मृतक बरौंधा थाना क्षेत्र अंतर्गत डडियन निवासी शिब्बू मवासी पिता कल्लू मवासी था. जिसके आधार पर पुलिस द्वारा परिजनों को सूचना देते हुए बुला लिया गया. परिजनों के अनुसार शिब्बू सोमवार को घर से निकला था. संभावना जताई गई कि सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात शिब्बू हादसे का शिकार हो गया होगा. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है.
