
भोपाल। इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पेयजल से मासूम लोगों की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस ने अपना आंदोलन तेज कर दिया है। मंगलवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में युवा कांग्रेस नेताओं ने भाजपा नीत राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए संवेदनहीनता और निष्क्रियता का आरोप लगाया।
युवा कांग्रेस नेता यश घनघोरिया ने नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से तत्काल इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि उनके अमर्यादित बयानों और मामले को गंभीरता से न लेने के कारण स्थिति और बिगड़ी। उन्होंने कहा कि दूषित पानी पीने से अब तक 28 लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन मंत्री और इंदौर महापौर सहित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
घनघोरिया ने घोषणा की कि जवाबदेही तय कराने के लिए युवा कांग्रेस इंदौर से प्रदेश स्तरीय जन अधिकार न्याय यात्रा निकालेगी। प्रदेश युवा कांग्रेस सचिव अनिकेत द्विवेदी ने बताया कि यह नौ दिवसीय पदयात्रा 28 जनवरी को राजवाड़ा से शुरू होगी और प्रतिदिन एक विधानसभा क्षेत्र में जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
युवा कांग्रेस ने मंत्री व महापौर को बर्खास्त करने, मृतकों के परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजा, हाईकोर्ट की निगरानी में न्यायिक जांच तथा प्रदेशभर की नगरीय निकायों में भ्रष्टाचार की गहन जांच की मांग की है।
