भोपाल: राजधानी भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम में आज शाम 05:00 बजे से खेलो एमपी यूथ गेम्स का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। कार्यक्रम में जुटने वाली भारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने यातायात के रूट में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। यदि आप आज शाम घर से बाहर निकल रहे हैं, तो इन रास्तों का ध्यान जरूर रखें:
इन रास्तों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
कार्यक्रम की संवेदनशीलता को देखते हुए निम्नलिखित मार्गों पर सामान्य यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा:
अटल पथ: यहाँ सामान्य वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा।
स्टेडियम की ओर जाने वाले मार्ग: कमला नेहरू स्कूल से मॉडल स्कूल, काट्जू अस्पताल से स्टेडियम, राजस्थान मिष्ठान भंडार से स्टेडियम और टीटी नगर थाना चौराहा से स्टेडियम की ओर जाने वाले रास्ते बंद रहेंगे।
यहाँ रहेगा ट्रैफिक का भारी दबाव
इन मार्गों पर लोक परिवहन और भारी वाहनों का प्रवेश आवश्यकतानुसार डाइवर्ट किया जा सकता है:
रोशनपुरा चौराहा – अपैक्स बैंक तिराहा – माता मंदिर मार्ग।
रंगमहल चौराहा – जवाहर चौक – भारत माता चौराहा मार्ग।
वैकल्पिक मार्ग: परेशानी से बचने के लिए यहाँ से जाएँ
ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक रूट जारी किए हैं:
कोलार से शहर की ओर: माता मंदिर, पीएनटी चौराहा, भारत माता चौराहा और स्मार्ट रोड से होते हुए पॉलिटेक्निक चौराहे का उपयोग करें।
पुराने शहर से कोलार/नया भोपाल: कंट्रोल रूम, जेल रोड, व्यापम चौराहा से लिंक रोड नंबर-2 होकर आवागमन करें।
