पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) अगर सात फरवरी से शुरू होने जा रहे टी-20 वर्ल्ड कप से हटता है तो आईसीसी बांग्लादेश को टूर्नामेंट में बैकडोर एंट्री दे देगा।
शुरू होने से पहले ही विवादों में घिर चुके टी-20 वर्ल्ड कप 2026 से अब एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। एक ओर पाकिस्तान धमकी दे रहा है कि वह टूर्नामेंट से हट सकता है, तो दूसरी ओर आईसीसी ने इस स्थिति से निपटने के लिए प्लान बी तैयार कर लिया है। खबरों के अनुसार, अगर पाकिस्तान वाकई में टूर्नामेंट से बाहर जाने का फैसला करता है, तो बांग्लादेश को ग्रुप ए में पाकिस्तान की जगह खेलने का मौका दिया जाएगा।
इस स्थिति में बांग्लादेश अपने सारे मैच श्रीलंका में खेलेगा, जो कि उसकी डिमांड है। आईसीसी का यह कदम इस तरह से काम करेगा कि सांप भी मर जाएगा और लाठी भी नहीं टूटेगी। सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए बांग्लादेश पहले ही श्रीलंका में अपने मैच खेलने की बात कह चुका है, और आईसीसी इस स्थिति में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के सामने झुकते हुए दिखाई नहीं देगा। पाकिस्तान के टूर्नामेंट से हटने के बाद का यह नया परिदृश्य पूरी दुनिया के सामने आईसीसी की ओर से प्रस्तुत किया जाएगा।
