अभिषेक शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 में 14 गेंदों में अर्धशतक जमाया। वह भारत के लिए युवराज सिंह के सबसे तेज फिफ्टी के रिकॉर्ड को तोड़ने से चूक गए।
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत की ओर से सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड युवराज सिंह के नाम दर्ज है। उन्होंने साल 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ 12 गेंदों में फिफ्टी जड़कर इतिहास रचा था। न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में अभिषेक शर्मा इस रिकॉर्ड को तोड़ने के बेहद करीब पहुंच गए थे। हालांकि वह इस ऐतिहासिक उपलब्धि को छूने से चूक गए और 14 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। इसके बावजूद उनकी पारी ने फैंस और क्रिकेट के दिग्गजों का दिल जीत लिया।
युवराज के रिकॉर्ड के सवाल पर अभिषेक का जवाब
मैच के बाद अभिषेक शर्मा से युवराज सिंह का रिकॉर्ड न टूट पाने को लेकर सवाल किया गया। इस पर अभिषेक ने ब्रॉडकास्टर्स से बातचीत में बेहद सधे हुए अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि युवराज सिंह का रिकॉर्ड तोड़ना किसी भी बल्लेबाज के लिए नामुमकिन से भी ज्यादा मुश्किल है। साथ ही उन्होंने यह भी माना कि क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है और कोई भी बल्लेबाज ऐसा कर सकता है।
