चेन्नई, 21 जनवरी (वार्ता) तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने टीटीवी दिनाकरन के नेतृत्व वाली एएमएमके का राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में वापसी का स्वागत करते हुए बुधवार को कहा कि गठबंधन के साथियों ने आने वाले विधानसभा चुनावों में भ्रष्ट, अयोग्य और भारत-विरोधी द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) को सत्ता से हटाने के लिये हाथ मिलाया है।
श्री गोयल ने कहा, “ दिनाकरन मेरे अच्छे दोस्त हैं और मुझे खुशी है कि वह राजग परिवार में वापस आ गये हैं। जब वह राज्यसभा सांसद थे, तब से मैं उनकी प्रतिभा और योगदान को जानता हूं। वह गठबंधन को मजबूत करने के लिए वापस आये हैं। ”
उन्होंने श्री दिनाकरन के साथ एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “ हम एकजुट हैं और भ्रष्टाचार में डूबी अयोग्य द्रमुक सरकार को सत्ता से हटाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। अन्नाद्रमुक के महासचिव एडप्पादी के पलानीस्वामी, पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) के नेता अंबुमणि, तमिल मनीला कांग्रेस (टीएमसी) के नेता जीके वासन पहले से ही राजग में हैं। ”
श्री गोयल ने आरोप लगाया, “ द्रमुक तमिल भाषा, संस्कृति और तमिलों की गौरवशाली विरासत के खिलाफ काम कर रही है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि तमिल भाषा और संस्कृति पूरी दुनिया में फैले। ”
श्री गोयल ने द्रमुक पर हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री एम के स्टालिन और उनके पुत्र उदयनिधि स्टालिन के नेतृत्व वाली सत्ताधारी पार्टी ने इसे भ्रष्टाचार का आंदोलन बना दिया है और इस सरकार को सत्ता से हटा दिया जाएगा। उन्होंने कहा, “ हमें इसका भरोसा है और राजग सरकार तमिलनाडु के लोगों की भलाई के लिये काम करेगी। राजग सरकार के तहत, राज्य के लोगों का भविष्य उज्ज्वल होगा। ”
