इटारसी में युवक की संदिग्ध मौत, निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर समाजजनों ने सौंपा ज्ञापन

इटारसी। शहर के न्यास कॉलोनी खेड़ा बाईपास रोड पर 12 जनवरी की रात मिले युवक के शव का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। कांसखेड़ा निवासी 30 वर्षीय मोहित चौधरी की संदिग्ध मौत को लेकर परिजन और समाजजन पुलिस जांच से संतुष्ट नजर नहीं आ रहे हैं। घटना को 10 दिन से अधिक समय बीत जाने के बाद भी मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं होने से आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

परिजनों का आरोप है कि मोहित चौधरी के साथ लूटपाट कर बेरहमी से मारपीट की गई और उसकी हत्या की गई है, जबकि पुलिस द्वारा प्रारंभिक जांच में इसे दुर्घटना बताया जा रहा है। मृतक के चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए थे, जिससे मामला पूरी तरह संदेह के घेरे में है। घटनास्थल की परिस्थितियां भी कई सवाल खड़े कर रही हैं।

इसी को लेकर युवा यूथ ब्रिगेड और समाजजनों ने मंगलवार को अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) इटारसी के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष, स्वतंत्र और गहन जांच की मांग की गई है। समाजजनों ने मांग की कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य सभी साक्ष्यों की बारीकी से जांच की जाए। साथ ही यदि मामला आपराधिक पाया जाता है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

समाजजनों ने यह भी मांग की कि पीड़ित परिवार को जांच की प्रगति से समय-समय पर अवगत कराया जाए, ताकि उन्हें न्याय मिलने का भरोसा बना रहे। ज्ञापन सौंपने के दौरान पप्पू पटेल, गिरीश पटेल, संतोष मलैया, दिनेश पटेल, सौरभ, मेहरबान मलैया, राजू पटेल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

इस दौरान समाजजनों ने थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला से भी चर्चा की। थाना प्रभारी ने मामले में निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। फिलहाल पुलिस की अगली कार्रवाई पर पूरे मामले की सच्चाई सामने आने की उम्मीद टिकी हुई है।

Next Post

मनमानी: आरईएस के लोक सूचना अधिकारी नही देते आरटीआई की जानकारी

Wed Jan 21 , 2026
सीधी । कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकीय सेवा संभाग सीधी में पदस्थ लोक सूचना अधिकारी द्वारा निर्धारित तिथि के बाद भी सूचना का अधिकार अधिनियम की जानकारी नही दी जाती। मनमानी यह है कि आरईएस के लोक सूचना अधिकारी आरटीआई की जानकारी नही देते। दरअसल आवेदनकर्ता ए.एन.सिंह द्वारा ग्रामीण यांत्रिकीय सेवा […]

You May Like