संभल | उत्तर प्रदेश के संभल में 24 नवंबर को हुई जामा मस्जिद सर्वे हिंसा के मुख्य सूत्रधार शारिक साठा पर प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। न्यायालय के आदेश के बाद आज, बुधवार को पुलिस साठा के दीपा सराय स्थित आवास और अन्य चल-अचल संपत्तियों को कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू कर रही है। साठा फिलहाल दुबई से अपनी गतिविधियां चला रहा है। कुर्की से पहले पुलिस ने उसके घर पर मुनादी कराकर नोटिस चस्पा किए थे, जिसकी समय सीमा समाप्त हो चुकी है। गैंगस्टर एक्ट के तहत उसकी करोड़ों की जमीन पहले ही कुर्क की जा चुकी है।
शारिक साठा केवल हिंसा का आरोपी नहीं, बल्कि एक शातिर अपराधी है जिसके खिलाफ हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट जैसे कुल 69 गंभीर मामले दर्ज हैं। एसआईटी (SIT) की जांच में खुलासा हुआ है कि साठा ने दुबई में बैठकर अपने गुर्गों के माध्यम से संभल में भीड़ को भड़काया और अवैध हथियारों की आपूर्ति सुनिश्चित की थी। पुलिस ने उसे ‘भगोड़ा’ घोषित कर लुकआउट सर्कुलर जारी किया है। इस हिंसा में चार लोगों की जान गई थी और 29 पुलिसकर्मी घायल हुए थे, जिसे पुलिस ने एक गहरी साजिश माना है।
संभल पुलिस अब शारिक साठा को भारत लाने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रयास तेज कर रही है। पुलिस प्रशासन इंटरपोल के माध्यम से उसके खिलाफ ‘रेड कॉर्नर नोटिस’ जारी कराने की तैयारी में है ताकि उसे दुबई से प्रत्यर्पित कर कानून के हवाले किया जा सके। पुलिस का मानना है कि साठा की गिरफ्तारी से संभल हिंसा के पीछे के बड़े नेटवर्क और अंतरराष्ट्रीय फंडिंग का भी खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, कुर्की की कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है और क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है।

